श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र में सीमावर्ती खाट लबाना गांव में पिछले हफ्ते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पिता पुत्र सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनील खोड ने सोमवार को बताया कि प्रेमसिंह, उसके पुत्र लखविंदरसिंह उर्फ बंटी और प्रेमसिंह के दो साले श्याम सिंह उर्फ श्यामा और बलविंदरसिंह उर्फ ज्ञानी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वारदात में अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की संभावना है। उनकी तलाश की जा रही है।
आरोपियों ने गत 24 जून को सुबह खाट लबाना गांव में करीब 31 वर्षीय मलकीत सिंह की लाठियों और लोहे की छड़ से हमला करके हत्या कर दी थी।
अत्यधिक शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत
श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की अत्यधिक शराब पीने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान निर्मल खाती (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आज शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि निर्मल लकड़ी का मिस्त्री था। उसे शराब की लत लगी हुई थी। अत्यधिक शराब पीने से शनिवार रात को उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।



