नगर निगम जयपुर के कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार बैरवा रिश्वत लेते अरेस्ट

6

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को जयपुर नगर निगम में सिविल लाइन जोन कार्यालय उपायुक्त एवं कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार बैरवा को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि इस मामले में निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ जारी है। गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी एसयू.-प्रथम, जयपुर को परिवादी शिकायत की कि उसके द्वारा अपने पुराने क्षतिग्रस्त मकान को ध्वस्त कर नया मकान निर्माण के लिए नगर निगम, सिविल लाइन जोन में भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवेदन किया गया था। लगभग चार महीने बाद मकान की सील खोली गई तथा परिवादी को बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर एवं प्रथम तल के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हो गई।

इसके बावजूद गत तीन जून को कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार बैरवा, एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे तथा मकान को पुनः सील करने, गार्ड बैठाने एवं निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी। आरोपी संजय कुमार बैरवा द्वारा मकान को सील नहीं करने एवं निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखने की एवज में स्वयं एवं तत्कालीन उपायुक्त सुनील बैरवा के नाम पर दो लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा था।

इस पर शिकायत का सत्यापन कराया गया और गत चार जून को मांग सत्यापन के दौरान संजय कुमार बैरवा द्वारा एक लाख रुपए रिश्वत राशि की मांग की पुष्टि हुई तथा उसके कहने पर दीनदयाल द्वारा 20 हजार रुपए रिश्वत प्राप्त की गई।

इसके बाद शेष रिश्वत की मांग करने पर एसीबी टीम द्वारा ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी संजय कुमार बैरवा ने अपनी कार का लॉक खोलकर सह-परिवादी से 80 हजार रुपए रिश्वत राशि गाड़ी के गियर के पास स्थित डैशबोर्ड में रखवाई तथा गाड़ी को लॉक कर लिया।

बाद में डैशबोर्ड से 80 हजार रुपए की रिश्वत बरामद की गई तथा आरोपी के कब्जे से उसके पर्स में 27 हजार 400 रुपए की संदिग्ध नकद राशि भी बरामद हुई। प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादी का कार्य लंबित होना पाया गया।