करौली : 11 केवी के बिजली की तार की चपेट में आने से 3 श्रमिकों की मौत

2

करौली। राजस्थान में करौली के टोडाभीम थाना क्षेत्र में भोपर नदी के पास सोमवार को 11 केवी की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार तीन श्रमिकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामबाबू, विष्णु और चौबे जाटव हिंडौन से मजदूरी करके मोटर साइकिल से गांव की ओर जा रहे थे। इस दौरान अपराह्न करीब चार बजे भोपर नदी के पास कच्चे रास्ते पर 11 केवी का तार टूटा पड़ा था। कच्चे रास्ते पर निकलने के दौरान तार मोटर साइकिल से उलझ गया, जिससे तीनों करंट की चपेट में आ गए।

पुलिस ने बताया कि करंट की चपेट में आने से तीनों श्रमिक आग की लपटों में घिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो गई। पुलिस तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए।