अलवर : कछुए से करोड़ों रुपए कमाने का सपना दिखाकर मजदूर से 10 लाख की ठगी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये कमाने का झांसा देकर एक फैक्ट्री मजदूर से 10 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि ठगों ने पहले दुर्लभ कछुए की कीमत एक करोड़ रुपए बताकर उसे खरीदने का झांसा दिया। जब पीड़ित ने रकम दे दी तो कछुए को मृत घोषित करने के लिए फर्जी डॉक्टर बुला लिया गया। इसके बाद पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने दुर्लभ कछुआ रखने के मामले में फंसाने की धमकी देकर पूरे गिरोह को मौके से फरार करा दिया। शिकायत के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित उन्नस खां फिलहाल अलवर शहर के अंबेडकर नगर में किराये पर रहकर उद्योग नगर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उसने बताया कि इसी वर्ष जनवरी में उसके पास आसिम नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को गांव के एक युवक का साला बताते हुए कहा कि उसके पास ऐसा काम है, जिससे दोनों 10 से 20 लाख रुपए कमा सकते हैं।

अगले दिन उसकी मुलाकात आसिम, राहुल सैन और महेंद्र जोगी से कराई गई। तीनों उसे एचडीएफसी बैंक के पास स्थित एक चाय की दुकान पर ले गए, जहां उन्होंने हरे रंग का एक कछुआ दिखाया। आरोपियों ने दावा किया कि यह बेहद दुर्लभ कछुआ है, जिसकी बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। उन्होंने कहा कि वह 10 लाख रुपये देकर यह कछुआ खरीद ले तो बाद में करोड़ों रुपये में बेचकर भारी मुनाफा कमा सकता है।

आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर तीन किश्तों में कुल 10 लाख रुपए आरोपियों को दे दिये। रकम लेने के बाद आरोपी उसे मोटर साइकिल पर बैठाकर अलवर-जयपुर मार्ग पर नटनी का बारा क्षेत्र में ले गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने कहा कि कछुआ मर चुका है।

आरोप है कि कुछ देर बाद एक व्यक्ति को डॉक्टर बताकर बुलाया गया, जिसने कछुए को मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान पुलिस की वर्दी पहने एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि उसने ज्यादा सवाल किये तो उसे दुर्लभ कछुआ रखने के मामले में फर्जी मामले में फंसा दिया जाएगा। धमकी से डरे पीड़ित के सामने ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने जांच के बाद आसिम, राहुल सैन, महेंद्र जोगी और कोटपूतली बहरोड़ जिले के बैराठ नगर निवासी नोवता राम उर्फ कट बाबरिया और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।