अजमेर की बेटी एवं 5 बार की गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड धारक सूफिया सूफी का स्वागत

2

अजमेर। अजमेर की बेटी एवं भारत की प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा धाविका तथा पांच बार की गिनीज़ विश्व रिकॉर्ड धारक सूफिया सूफी का सोमवार सुबह पटेल स्टेडियम में उनके ऐतिहासिक 5,000 किलोमीटर रन अक्रॉस इंडिया (कन्याकुमारी से काराकोरम) अभियान के दौरान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर हार्टफुलनेस संस्थान अजमेर एवं टीम ग्रीन हार्टफुलनेस रन अजमेर की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित धावकों, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस प्रशिक्षक अंकुर तिलक गहलोत ने सूफिया सूफी को उनके अद्वितीय साहस, दृढ़ संकल्प, राष्ट्रप्रेम, महिला सशक्तीकरण तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करने में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अंकुर तिलक गहलोत ने सूफी को विश्व मुख्यालय कान्हा शांतिवनम् हैदराबाद में आयोजित होने वाले ग्रीन हार्टफुलनेस रन–2026 में विशेष अतिथि एवं पेसर के रूप में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि फॉरेस्ट्स बाय हार्टफुलनेस के माध्यम से जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना करने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा एक वैश्विक जन-आंदोलन है।

उन्होंने बताया कि फॉरेस्ट्स बाय हार्टफुलनेस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 3 करोड़ वृक्ष लगाने का है। इस दिशा में अब तक भारत के विभिन्न राज्यों में 30 लाख से अधिक वृक्षों का रोपण किया जा चुका है। यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

सूफिया सूफी ने हार्टफुलनेस संस्थान एवं टीम ग्रीन हार्टफुलनेस रन द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने भविष्य में ग्रीन हार्टफुलनेस रन से जुड़कर इस हरित अभियान में अपना सहयोग देने की भी सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन हरित भारत, स्वस्थ भारत और शांतिमय विश्व के संकल्प के साथ हुआ।