डीग : शादी करके ठगने वाले गिरोह की मुख्य आरोपी महिला अरेस्ट

0

डीग। राजस्थान में डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी शादी का झांसा देकर लाखों रुपए और जेवरात ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करके मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया की यह महिला पहले भी कई फर्जी शादियां करके लोगों को ठगी का शिकार बना चुकी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की शादी 14 दिसंबर 2025 को सोनी वर्मा नामक महिला से कराई गई थी। शादी के बाद दुल्हन चार-पांच दिन तक ससुराल में रुकी। 23 दिसंबर को दुल्हन के कथित पिता, चाचा, मौसा और मौसी उसे विदा कराने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वे घर की अलमारी से तीन लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

पीड़ित ने कुछ आरोपियों का पीछा करके उन्हें पकड़ लिया। इस पर आरोपियों ने एक लाख रुपए ऑनलाइन भेज दिए और शेष रकम एवं जेवर दो दिन में लौटाने का आश्वासन देकर वहां से चले गए। बाद में आरोपियों ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया और पीड़ित को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी महिला पहले भी करीब पांच फर्जी शादियां कर चुकी है और उसके पहले से दो बच्चे भी हैं।

गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। कुम्हेर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार मुख्य आरोपी महिला का नाम सोनी वर्मा (28) निवासी वर्तमान लोनी, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।