राजस्थान की किन्नर रेशमा और मध्यप्रदेश के सागर ने मंदिर में लिए सात फेरे

0

बारां। राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद उपखंड क्षेत्र में गुरुवार शाम को एक अनोखा विवाह हुआ जो चर्चा का विषय बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहाबाद उपखंड के देवरी निवासी किन्नर सोनू उर्फ रेशमा ने मध्य प्रदेश के गुना जिले के कोलीपुरा निवासी सागर राजपूत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिये और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

दोनों का विवाह शाहाबाद सीनियर स्कूल के पास स्थित हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। पंडित लखनलाल शर्मा ने विवाह की रस्में संपन्न कराईं। समारोह में रेशमा की मां लीलाबाई, परिजन और कुछ करीबी मित्र मौजूद रहे।

रेशमा ने बताया कि करीब नौ महीने पहले उनकी मुलाकात मथुरा रेलवे स्टेशन पर सागर से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किये और धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती गयी। समय के साथ यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने के बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया।

रेशमा के अनुसार जब उन्होंने सागर के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो सागर ने सहमति जतायी। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने परिवारों को इस बारे में बताया। परिवारों ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए विवाह के लिए सहमति दे दी।

विवाह में मौजूद रेशमा की मां लीलाबाई ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बच्चों की खुशी में ही हमारी खुशी है। दोनों हमेशा साथ रहें और सुखी जीवन बिताएं। विवाह के बाद नवदंपति देवरी स्थित घर पहुंचे, जहां परिजनों और परिचितों ने उनका स्वागत किया। रेशमा ने कहा कि सागर ने उनसे विवाह कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है।