अलवर में जीएसटी के सहायक आयुक्त के घर डकैती, लाखों के जेवर-नकदी लूटी

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र में शालीमार नगर में शनिवार सुबह हथियारबंद तीन नकाबपोश बदमाशों ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग के सहायक आयुक्त के घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवर नकदी लूटकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाश रात में ही ओमप्रकाश के मकान की छत पर पहुंचकर छिप गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे जैसे ही घर का मुख्य दरवाजा खुला, तीनों बदमाश पिस्तौल और कट्टे लेकर घर में घुस गए। उन्होंने ओमप्रकाश, उनकी पत्नी और बच्चों को पिस्तौल दिखाकर डरा दिया और उन्हें बंधक बना लिया। परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए और उनके साथ मारपीट की।

सूत्रों ने बताया कि बदमाशों ने पहले महिला के शरीर पर पहने हुए आभूषण उतरवाए, फिर अलमारी की चाबियां लेकर उसमें रखे करीब 15 तोला सोने के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। इस दौरान वे परिवार को लगातार धमकाते रहे। महिला को दुष्कर्म की धमकी देकर भी डराया गया।

ओमप्रकाश ने बताया कि बदमाशों ने घर में चाय बनाने के लिए भी कहा, लेकिन दूध नहीं होने के कारण चाय नहीं बन सकी। बदमाश पूरे समय बेहद बेखौफ नजर आए और करीब दो घंटे तक घर में डटे रहे। इसके बाद सुबह करीब सात बजे परिवार के बच्चे को लेने स्कूल बस भी पहुंची। बस चालक ने हॉर्न बजाया तो एक बदमाश बाहर गया और कह दिया कि बच्चा आज स्कूल नहीं जाएगा। इसके बाद बदमाश आराम से घर के अंदर लूटपाट करते रहे।

सुबह करीब सवा सात बजे लूटपाट पूरी करने के बाद तीनों बदमाश मकान की दीवार फांदकर फरार हो गए। आसपास लोगों की आवाजाही होने के बावजूद किसी को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। बदमाशों के जाने के बाद ओमप्रकाश ने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले और पड़ोसियों को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस के दल गठित कर दिए गए हैं। बताया जाता है कि बदमाश पड़ोस के एक खाली मकान के जरिए रात में छत पर पहुंचे और सुबह होने तक वहीं छिपे रहे। जैसे ही घर का मुख्य दरवाजा खुला, उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया।