अजमेर। अनुबंध फाऊंडेशन एवं लक्ष्मीनारायण फाऊंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मन्ना हवेली में वरिष्ठजन जीवनसाथी परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए 280 वरिष्ठ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 250 पुरुष एवं 30 महिलाएं शामिल रहीं। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को जीवन के इस पड़ाव में उपयुक्त जीवनसाथी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नई शुरुआत का अवसर प्रदान करना था।
सम्मेलन का उद्घाटन ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के राष्ट्रीय सचिव डॉ. राजू मिश्रा की मुख्य उपस्थिति तथा अनुबंध फाऊंडेशन के अध्यक्ष नटवर पटेल की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज बहरवाल, किन्नारी लखानी, समाजसेवी दादा गोवर्धन मोतियानी, सविता शर्मा, विरेंद्र शर्मा, अनिता चव्हाण, प्रेरणा गौड़, लिलियन ग्रेस, रूपश्री जैन एवं डॉ. सुरेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मेलन में देश के दस राज्यों से आए वरिष्ठजन ने अपना परिचय देकर जीवनसाथी की तलाश की। आयोजन की सबसे भावुक और प्रेरणादायक बात यह रही कि एक बेटी अपनी मां को, एक बेटा अपने पिता को, एक भांजी अपने मामा को, एक बहन अपने भाई को तथा एक पिता अपने विधुर बेटे को परिचय सम्मेलन में लेकर पहुंचे। यह दृश्य पारिवारिक सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता का प्रतीक बना।
परिचय सत्र के दौरान कुल 9 जोड़े बनने में सफलता मिली, जिससे कई वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई उम्मीद जगी। आयोजकों ने इसे सामाजिक सरोकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सम्मेलन नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में के.के. गौड़, बी.के. चौहान, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, डॉ. महेश अग्रवाल, शेखर सेन, श्रीलाल सेन, ब्रजमोहन झंवर, सोहनजी, राजू जौनवाल, सुनीता चौधरी, लेखराज राजौरिया, सुभाष शर्मा, के.के. शर्मा, विरेंद्र यादव, अनिता यादव, राधेश्याम निर्माण, दलजीत मकवाना, किशन देवानी, जे.पी. शर्मा, हुकमसिंह वर्मा, विजय गर्ग, गोविंद कच्छावा, आलोक गौड़, चेतन, हेमंत सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




