होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर जिले के ओहरपुर-बस्सी जलाल लिंक रोड पर रविवार शाम को आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में चार वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई।
मृत बालिका की पहचान गुंगुन (4) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के ध्यानपुर गांव निवासी राम जीवन और प्रीति की पुत्री थी। दंपति धान की रोपाई के काम के लिए इन दिनों होशियारपुर के बस्सी जलाल गांव में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब 5:30 बजे बालिका के माता-पिता खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। उन्होंने गुंगुन को खेत से लगभग 100 मीटर दूर एक ट्यूबवेल के पास पेड़ की छांव में बैठाया हुआ था।
इसी दौरान करीब सात आवारा कुत्तों के झुंड ने बालिका पर हमला कर दिया और उसे कुछ दूरी तक घसीट लिया। बालिका की चीख-पुकार सुनकर उसके माता-पिता और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे तथा कुत्तों को भगाकर उसे गंभीर हालत में बचाया।
घायल बालिका को पहले टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए होशियारपुर रेफर कर दिया गया। बाद में एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिवार धान की रोपाई के सीजन के कारण बस्सी जलाल गांव में अस्थायी रूप से रह रहा था।
टांडा थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



