हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में भादरा मार्ग पर मंगलवार को कार की चपेट में आने से मोटर साइकिल सवार दो महिलाओं सहित तीन लाेगों की मौत हो गई।
थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अजय गिरधर ने बताया कि मृतकों की पहचान विद्यादेवी (50), उसके पोते अनिल (18) और सुमित्रा देवी (65) के रूप में हुई है। तीनों सुबह मोटर साइकिल से हरियाणा के निकटवर्ती सिरसा जिले के ऐलनाबाद शहर में अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से लौटते समय नोहर- भादरा मार्ग पर दोपहर करीब दो बजे रेलवे फाटक के पास वे विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गए।
उन्होंने बताया कि इससे सुमित्रा और अनिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल हुई विद्यादेवी को नोहर के सरकारी अस्पताल में लाया गया। कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।



