कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार रात पूर्व तृणमूल कांग्रेस राज्यसभा सदस्यों सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बारिक को आगामी 24 जुलाई को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मंज़ूरी के बाद पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में इन नामों की पुष्टि की गई और इसी के साथ उन अटकलों पर विराम लग गया कि क्या हाल ही में पार्टी में शामिल हुए इन तीनों नेताओं को उपचुनाव में उतारा जाएगा।
इससे पहले पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कोलकाता में पार्टी मुख्यालय में सुश्री देव, रॉय और बारिक को भाजपा का झंडा सौंपकर पार्टी में उनका स्वागत किया।
चुनाव आयोग ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए 24 जुलाई की तिथि घोषित की है। नामांकन 14 जुलाई तक दाखिल किए जा सकते हैं और 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 17 जुलाई है।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार न उतारने की संभावना को देखते हुए भाजपा की तीनों सीटों पर निर्विरोध या आसानी से जीतने की उम्मीद है। अगर वे चुने जाते हैं, तो 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में भाजपा सदस्यों की संख्या 114 से बढ़कर 117 हो जाएगी, जिससे राजग की कुल संख्या 155 हो जाएगी, जो 164 के दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से नौ कम है।



