अलवर। राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सबसे पॉश कॉलोनियों में शुमार स्कीम नंबर-1 में दिनदहाड़े एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक रवि अग्रवाल अपने परिवार के साथ चार जुलाई को जयपुर स्थित अपनी बेटी के घर गये हुए थे। शनिवार को जब परिवार घर लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरों ने मकान की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे करीब दो किलो चांदी, 60 ग्राम सोना और डेढ़ लाख रुपए की नकदी चोरी करके फरार हो गए।
दुष्कर्म का आरोपी अरेस्ट
अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में पिछले छह महीने से फरार नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गयी। उसके बाद आरोपी अंकुश (20) को पुलिस दल ने दबोच लिया। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। अंकुश हरियाणा में करनाल जिले का है।



