धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कृषि फार्म के समीप सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। जांच के दौरान मृतका की पहचान मंजुबाई (45), निवासी ग्राम लेबड़ (पीथमपुर) के रूप में हुई।
विवेचना में सामने आया कि नौ जुलाई को आरोपी रमेश उर्फ दुबलिया, निवासी ग्राम सोडपुर (नालछा), महिला को इंदौर के रानीपुरा बाजार से कटलरी का सामान खरीदने के बहाने मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया था।
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और मृतका आरोपी पर विवाह करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने तुर्क बगड़ी बायपास मार्ग के पास महिला के साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में फेंककर फरार हो गया।
विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर 11 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल तथा मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



