सारण : खेत में काम करने गई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, 4 आरोपी अरेस्ट

1

छपरा। बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में खेत में अकेली काम करने गयी एक युवती से दुष्कर्म करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि डुमरी गांव की एक युवती अकेले अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसे खेत में अकेला देख कर वहां पहुंचे चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसके बाद युवती अपने घर पहुंची और मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी।

इस घटना के बाद परिजन उसे लेकर मांझी थाना पहुंचे। जहां से युवती को पुलिस अभिरक्षा में चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही तकनीकी साक्ष्य एवं आसूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

नाबालिग लडकी की हत्या उसी के भाई ने की

सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की हत्या उसके भाई ने कर दी है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिगना गांव निवासी मुन्ना सिंह की पुत्री अन्नया कुमारी(15)को उसके नाबालिग भाई ने गर्दन रेत कर हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही इस मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ करने के बाद भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।