श्रीगंगानगर : गत्ता गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान

1

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ रोड पर स्थित एक बड़े गत्ता गोदाम में सोमवार को तड़के आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह तड़के चार बजे आग लगने की सूचना मिलने पर एक के बाद एक तीन दमकल गाड़ियों मौके पर आई। कई दमकल कर्मी और अन्य लोग आग बुझाने में जुट गये। आग की काफी ऊंची लपटें उठती रहीं और चारों तरफ हो धुआं ही धुआ फैल गया।

पूर्वाह्न करीब 11 बजे आग पर पूरी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। इस विशाल गोदाम में बड़ी मात्रा में कार्टूनों के गत्ते और उनके बड़े-बड़े बंडल रखे थे। गोदाम के संचालक को प्रेमवीर ने बताया कि वह गत्ते का थोक व्यापार करते हैं।

उन्होंने बताया कि आग लगने का कोई कारण समझ में नहीं आया। गोदाम में बिजली का मीटर बाहर की तरफ लगा हुआ है,जो पूरी तरह से सुरक्षित है। गोदाम के अंदर बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे जो आग में जल गए। इनका रिकॉर्डिंग उपकरण भी आग में जल गया।

नजदीक दो-तीन घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा गया है, जिसमें कुछ भी संदिग्ध दिखाई नहीं दिया। उन्होंने बताया कि गोदाम में पीछे की तरफ गत्ते के बड़े-बड़े बंडलों का काफी ऊंचा ढेर था। संभवत इसी तरफ से ही आग भड़की जिसने विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने बताया कि मोटे अनुमान के मुताबिक करीब 20 लाख रुपए का नुकसान हो गया।