बीकानेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बीकानेर इकाई ने पावरग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इन्डिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के उप महाप्रबंधक को बुधवार को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यूरो की बीकानेर इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी फर्म द्वारा बिजली की लाइन बिछानी वाली जगह पर फांउडेशन एवं अर्थिग वर्क के कार्य को सुचारू रूप से चलने देने की एवज में पावरग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इन्डिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के उप महाप्रबंधक देवेश कुमार सिंह एक लाख रुपये की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान सौदा 90 हजार रुपए की तय हो गया।
उन्होंने बताया कि रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद ब्यूरो की बीकानेर इकाई में पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित दल ने जाल बिछाकर पावरग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इन्डिया लिमिटेड, बीकानेर डिवीजन के उप महाप्रबंधक को परिवादी से 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।



