निर्यात वाले डीजल पर उत्पाद शुल्क सात रुपए बढ़ा, पेट्रोल पर 1.5 रुपए की कटौती

0

नई दिल्ली। सरकार ने निर्यात किये जाने वाले पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन (एटीएफ) पर उत्पाद शुल्क की दरों में बदलाव किया है।

वित्त मंत्रालय की बुधवार देर रात जारी अधिसूचना के मुताबिक नई दरें 16 जुलाई जुलाई से प्रभावी हो गई हैं। निर्यात वाले डीजल और एटीएफ पर उत्पाद शुल्क सात-सात रुपए प्रति लीटर बढ़ाया गया है। वहीं, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 1.50 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है।

अधिसूचना के मुताबिक, निर्यात होने वाले पेट्रोल पर गुरुवार से विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) चार रुपए प्रति लीटर से कम करके 1.50 रुपए प्रति लीटर किया गया है। डीजल पर एसएईडी 8.50 रुपए के बढ़ाकर 15.50 रुपए और विमान ईंधन पर 7.50 रुपए से बढ़ाकर 14.50 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है।

निर्यात होने वाले पेट्रोल, डीजल और एटीएफ पर उत्पाद शुल्क की हर पखवाड़े समीक्षा की जाती है। इसे विंडफॉल टैक्स भी कहते हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर की तुलना में रुपए के विनिमय दर में परिवर्तन के अनुसार शुल्क में बदलाव किया जाता है ताकि निर्यातकों को नुकसान भी न हो और बहुत ज्यादा लाभ की स्थिति भी न बने, क्योंकि ऐसे में वे अचानक निर्यात बढ़ा सकते हैं जिससे घरेलू आपूर्ति के प्रभावित होने का खतरा होता है।