अजमेर में बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया गया

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया हैं और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राज्यभर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान एवं निष्कासन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है, जिसमें अजमेर जिले की थाना कृष्णगंज एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने इस महिला को हिरासत में लिया।

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बुधवार को बताया कि अभियान के दौरान मंगलवार को पुलिस थाना कृष्णगंज को एक संदिग्ध महिला के बांग्लादेशी नागरिक होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना कृष्णगंज पुलिस एवं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम मीम अख्तर (28) निवासी चंडिपाशा पोस्ट कोदालिया थाना पांकुदिया जिला किशोरगंज, ढाका (बांग्लादेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत आने तथा 14 जुलाई को ही अजमेर पहुंचने की बात स्वीकार की है।

अग्रवाला ने बताया कि महिला से उसके भारत आने के उद्देश्य, संपर्क सूत्रों तथा अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।