धुले। महाराष्ट्र में सूरत-नागपुर हाईवे पर नेर गांव के पास गुरुवार सुबह एक डीज़ल टैंकर में भीषण आग लग गई। अचानक लगी इस आग से राजमार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर धुले नगर निगम के अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। लेकिन आग में टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जामनगर (गुजरात) से काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) जा रहे इस टैंकर में लगभग 35 हजार लीटर डीज़ल था और इसमें नेर गांव में मंजूश्री पेट्रोल पंप के पास आग लग गई। गाड़ी में आग लगने का पता चलते ही ड्राइवर बाहर छलांग लगा दी। अचानक लगी आग से राजमार्ग पर अफरातफरी मच गई। धुले नगर निगम की दो दमकल गाड़ियों की मदद से अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की।
आग लगने का कारणों का अभी पता नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर नेर गांव के बड़ी संख्या में लोग हाईवे पर जमा हो गए। इस हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन काफी आर्थिक नुकसान हुआ।



