भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर सोशल मीडिया पर उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि आरोपी पति लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत पर गोहद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोहद कस्बे की रहने वाली एक 30 वर्षीय महिला ने आज थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पति उसकी अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर रहा है। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और वह मानसिक रूप से परेशान है। महिला का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों और सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने से वह भयभीत है। इसके बाद उसने गोहद थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच के दौरान मोबाइल फोन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आज मामला दर्ज कर लिया गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित फोटो और वीडियो की जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की शुरुआती कहानी में बदलाव आया है। परिजन ने 15 जुलाई को शिकायत की थी कि भाटनताल कॉम्प्लेक्स के पास से कोचिंग जा रही उनकी 13 साल की बेटी को अज्ञात लोगों ने जबरन लाल रंग की कार से अगवा कर लिया था। हालांकि पुलिस की जांच और पीड़िता के बयानों से स्पष्ट हुआ कि घटना में लाल कार का उपयोग नहीं किया गया था।
पुलिस ने पाया कि अपहरण की बात गलत थी। जांच में सामने आया कि नाबालिग लड़की खुद आरोपियों के साथ एक ई-रिक्शा में बैठकर गई थी। पीड़िता ने बयान में बताया कि वह दोस्त के साथ ई-रिक्शा में बैठकर महाराणा प्रताप नगर स्थित कमरे पर पहुंची थी।
पीड़िता के अनुसार इसी कमरे पर दो आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि लड़की के बयान के आधार पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें वह खुद ई-रिक्शा में बैठकर महाराणा प्रताप चौराहे तक जाती दिखी। इस खुलासे के बाद लहार पुलिस ने आज दो आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।



