भीलवाड़ा : वैन की चपेट में आने से युवक और बच्ची की मौत, दो महिलाएं घायल

3

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में सोमवार को सलावटिया गांव में वैन की चपेट में आने से मोटर साइकिल सवार एक युवक और एक बच्ची की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष मीणा (22) निवासी तीखी (बिजौलिया) मध्यप्रदेश के धार जिले में जेसीबी चलाने का काम करता था। दोपहर में वह मध्यप्रदेश से तिलस्वां होते हुए अपने गांव लौट रहा था कि रास्ते में तिलस्वां में उसे परिचित महिलाएं मिलीं, जिन्हें उसने अपनी मोटर साइकिल पर बिठा लिया।

सलावटिया गांव स्थित राजकीय विद्यालय के सामने पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मारुति वैन ने मोटर साइकिल को चपेट में ले लिया। इससे संतोष मीणा और अपनी मां की गोद में बैठी एक वर्षीय दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मोटर साइकिल पर बैठी सजना भील (25) एवं प्रियंका भील गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बिजौलिया अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।