हरजीत सिंह ग्रेवाल ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष का पदभार संभाला

0

नई दिल्ली। हरजीत सिंह ग्रेवाल ने मंगलवार को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया, जबकि आयोग की सदस्य एस. मुनावरी बेगम ने उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाला।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि इन नियुक्तियों को अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण, सशक्तीकरण और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक जीवन और संगठनात्मक नेतृत्व का व्यापक अनुभव रखने वाले हरजीत सिंह ग्रेवाल सामाजिक सद्भाव, जनकल्याण और समावेशी विकास से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं।

उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रयासों को नयी गति मिलेगी। वहीं, लंबे समय से जनसेवा से जुड़ीं एस. मुनावरी बेगम आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में समान अवसर और समावेशी शासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने पर आयोग के संयुक्त सचिव डॉ. अत्या नंद और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरजीत सिंह ग्रेवाल का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोग ने ग्लेन सूज़ा टिकलो का भी स्वागत किया, जिन्होंने ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला। गोवा के अल्डोना विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके टिकलो को जनप्रतिनिधि के रूप में लंबा अनुभव प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों के शामिल होने से राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग न्याय, समानता, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के अपने उद्देश्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।