नदबई में बस के पहिये निकलने से 10 से अधिक लोग घायल

0

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के नदबई के हलैना मार्ग पर गुरुवार को एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 से अधिक लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नदबई में रिंकू सैनी निजी विवाह स्थल में बुधवार रात अपनी पुत्री की शादी करने के बाद उसे विदा करके परिजनों एवं रिश्तेदारों के साथ अपने घर जयपुर लौट रहा था।

हलैना सड़क मार्ग पर अचानक चलती बस का एक्सल टूटने से बस के दोनों पहिए निकल गए। इससे बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बस में सवार 10 से अधिक लोग घायल हो गए।

घायलों को नदबई के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेज दिया गया।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

भरतपुर जिले के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि भरतपुर के जाटौली रातभान निवासी राहुल (26) बुधवार देर रात अपने दोस्त को छोड़ने के लिए फतेहपुर सीकरी गया था। वहां से वह अकेला लौट रहा था। इस दौरान फतेहपुर सीकरी-भरतपुर सीमा पर राहुल की मोटर साइकिल को अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि टक्कर से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल राहुल को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। उसकी शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी और शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।