सीजेपी का आंदोलन समाप्त होने के बाद सभी मेट्रो स्टेशन खुले

1

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के देश भर में जारी आंदोलन तत्काल प्रभाव से वापस लेने के बाद दिल्ली मेट्रो ने बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार शनिवार शाम खोल दिए।

सीजेपी से संसद मार्च के दिन से ही सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मेट्रो ने जंतर-मंतर और संसद के आसपास के कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए थे। आज भी सुबह 7.30 बजे से 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया था। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नयी दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।

दिल्ली मेट्रो ने शाम 6.20 बजे के आसपास बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार खोल दिये गए हैं। इससे पहले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने और सरकार द्वारा उनकी अन्य मांगें माने जाने के बाद सीजेपी ने शनिवार अपराह्न तत्काल प्रभाव से देश भर में आंदोलन वापस लेने की घोषणा की।