भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला से कथित अभद्र व्यवहार काे लेकर पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज कई महिलाएं रविवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस अधीक्षक आवास पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कनक विहार कॉलोनी निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के ही एक युवक ने शारदा चौराहा स्थित कॉलोनी और मंदिर परिसर के पास उससे अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग गांधीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
महिलाओं का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित सभी महिलाएं देर रात पुलिस अधीक्षक सागर राणा के आवास पहुंचीं और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी के घर भी पहुंची, लेकिन घर का दरवाजा नहीं खोला गया। पुलिस आरोपी के एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। मामले की जांच जारी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जहरीले पदार्थ से महिला की मौत
भीलवाडा के कोतवाली थाना क्षेत्र में शास्त्री नगर क्षेत्र में एक महिला की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि प्रदीप पारीक ने मामला दर्ज कराया कि उसकी बहन अंजना का विवाह करीब चार महीने पहले शास्त्री नगर निवासी जयेश पारीक के साथ हुआ था।
रविवार रात अंजना ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



