हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर से करीब 26 तोला सोने के जेवरात और तीन किलो से अधिक चांदी के गहने चोरी कर लिए।
रात के समय जिस मकान में यह चोरी की वारदात हुई उसमें मां-बेटा और दादी बाहर वाले हिस्से में सो रहे थे। उनको चोरी होने का सुबह पता चला। चुराए गए गहनों की कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है, जबकि चोर पांच लाख रुपए नगद भी ले गए।
पुलिस के अनुसार गांव भाडी निवासी रवि गोठड़ीवाल के घर में छह अगस्त की देर रात यह वारदात हुई। रवि, उसकी मां और दादी घर के बाहर वाले हिस्से में सो रहे थे। रात को किसी समय चोर दीवार कूद कर घर में प्रवेश कर गए। घर के कमरों में रख लोहे के बक्सों में से 26 तोला सोने के जेवरात, दो किलो चांदी की सिल्ली, सवा किलो चांदी के गहने और चार लाख 80 हजार रुपए चोरी कर ले गए।



