किशनगढ़ बास में 2420 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ से भरी पिकअप जब्त

0

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र में पुलिस ने 2420 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ से भरी एक पिकअप को जब्त किया है।

थाना प्रभारी नेहा मीना ने सोमवार को बताया कि वाहन में 11 नीले ड्रम मिले, जिनमें प्रत्येक ड्रम में 220 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था। जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी की शिकायत पर पुलिस ने सालपुर का बास निवासी साजिद खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पेट्रोलियम पदार्थ को पलवल से करीब 85 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदकर अलवर में 95 से 100 रुपए प्रति लीटर में बेचने के लिए ले जा रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी के पास पेट्रोलियम पदार्थ के कारोबार के लिए वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने बिना सुरक्षा मानकों के पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध कारोबार का मामला सामने आने पर कार्रवाई की।