जेल में फोन मिलने के मामले में पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ मामला दर्ज

0

बेंगलूरु। कर्नाटक में बेंगलूरु की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ जेल की बैरक में मोबाइल फोन मिलने पर मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार में अचानक की गई छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद रेवन्ना की बैरक से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

सीसीबी ने मंगलवार को जेल में छापेमारी की थी, जहाँ कथित तौर पर रेवन्ना की बैरक से एक मोबाइल फोन मिला। रिपोर्ट के अनुसार, तलाशी के दौरान एक पेन ड्राइव, चार्जर, नोटबुक और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। सीसीबी के एक निरीक्षक ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें रेवन्ना और एक अन्य कैदी प्रताप रॉय के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह मोबाइल फोन जेल के भीतर कैसे पहुँचा, इसे किसने मुहैया कराया, यह रेवन्ना के पास कितने समय से था और क्या इसका इस्तेमाल किया गया था। इसके साथ ही सिम कार्ड के स्वामित्व और अन्य विवरणों की भी जांच की जा रही है।

जेल परिसर के भीतर से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब जेल के भीतर कैदियों को वीआईपी सुविधाएं और तरजीह दिए जाने के आरोप लगातार लग रहे हैं। मामले की जांच जारी है।