भीलवाड़ा में ट्रेलर से एक करोड़ रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रेलर से पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की एक हजार 379 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपए बताया जा रहा है।

थानाधिकारी संजय गुर्जर पुलिस दल के साथ गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-48 अजमेर-भीलवाड़ा मार्ग स्थित रामदेव होटल के सामने एक संदिग्ध ट्रेलर खड़ा है, जिसमें अवैध सामग्री हो सकती है।

इस पर गुर्जर दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और तिरपाल से ढके ट्रेलर के चालक और मालिक की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ट्रेलर लावारिस हालत में पाए जाने पर उसकी जांच की गई, तो उसमें भारी मात्रा में पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की एक हजार 379 पेटियां पाई गईं।