अजमेर। वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस का भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन आगामी दिसंबर 2026 में मुंबई में आयोजित किया जाएगा। आयोजन में करीब 68 देशों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 5 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के उद्देश्यों और इसकी व्यापक सहभागिता को लेकर अजमेर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद के सान्निध्य में 14 अगस्त को शाम 4:45 बजे सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के सभागार में जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम होगा। इसमें वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस के उद्देश्य, वैश्विक स्तर पर हिन्दू समाज की भूमिका तथा आयोजन में सहभागिता को लेकर जानकारी दी जाएगी।
विश्व हिन्दू परिषद अजयमेरु महानगर अध्यक्ष सीए अजीत अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रबुद्ध वर्ग एवं आमजन में व्यापक जनचेतना जागृत करना और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस के व्यापक दृष्टिकोण और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
अग्रवाल ने आमजन, सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों से 14 अगस्त को आयोजित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।



