ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शादी का झांसा देकर एक युवक द्वारा नर्स से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित होटल कंचन पैलेस में जुलाई 2024 में पहली बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग होटलों में ले जाकर युवती का शोषण किया। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने शादी से इनकार करते हुए युवती को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भिण्ड निवासी 26 वर्षीय युवती सिटी सेंटर स्थित एक अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत है। करीब चार-पांच वर्ष पहले उसका परिचय भिण्ड निवासी विवेक पचौरी उर्फ अंकित से हुआ था। जनवरी 2024 में विवेक ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और विवाह करने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि विवेक ने 05 जुलाई 2024 को उसे सिटी सेंटर स्थित कंचन पैलेस होटल में बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जनवरी, अप्रैल और मई 2025 में भी अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने जब विवेक पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। पीड़िता के अनुसार जुलाई 2026 में वह विवेक से बात करने और शादी के लिए मनाने भिण्ड पहुंची, जहां आरोपी ने उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और दोबारा शादी की बात लेकर आने पर जान से मारने की धमकी दी।
डर के कारण युवती ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। बाद में उसने अपनी बड़ी बहन को पूरी घटना बताई और उसके साथ विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।


