हनुमानगढ़ में नशीली गोलियों, कैप्सूलों का जखीरा बरामद

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को प्रतिबंधित नशीली गोलियों और कैप्सूलों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने कुल चार लाख 12 हजार 332 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल जब्त करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने पत्रकारों को बताया कि जिला विशेष दल (डीएसटी) के प्रभारी ताराचंद द्वारा दी गई सूचना के आधार पर हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने एक वाहन को रोककर उसकी जांच की तो उसमें नशीली गोलियों और कैप्सूलों से भरी कई पेटियां मिलीं। गिनती करने पर पाया गया कि इनमें एक लाख 99 हजार 400 प्रेगाबलीन कैप्सूल, दो लाख 12 हजार 900 टेंपेटाडोल टैबलेट और 32 अलग गोलियां शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि इस मामले मनप्रीत सिंह जट सिख (37), विनोद कुमार मेघवाल (34) और पप्पू सिंह मजहबी सिख (35) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में नशीली गोलियों की आपूर्ति करने वाले एक बड़े गिरोह के साथ मिलकर यह काम कर रहे थे।