अरुणाचल प्रदेश में 6 दिन बाद भी लापता अलवर के अग्निवीर समुद्र का नहीं मिला सुराग

0

अलवर। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली (अनिनी) के पशुपानी क्षेत्र में गत 14 अगस्त को बादल फटने के बाद आई बाढ़ में लापता हुए राजस्थान में अलवर के अग्निवीर समुद्र गुर्जर का कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार समुद्र सहित सेना के पांच जवान अब भी लापता हैं। हादसे के बाद से सेना और आईटीबीपी के दल लगातार संयुक्त रूप से खोजी अभियान चला रहे हैं। अब तक समुद्र के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

समुद्र के लापता होने की खबर के बाद से अलवर स्थित उनके घर में गम का माहौल है। माता-पिता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का हर सदस्य किसी भी समय समुद्र के सकुशल मिलने की खबर का इंतजार कर रहा है। घर आने-जाने वाले ग्रामीण भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

समुद्र ने हादसे से कुछ दिन पहले ही अपने पिता से फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि पापा, राखी पर घर आऊंगा। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा छुट्टी लेकर घर आएगा और बहनों के साथ राखी का त्योहार मनायेगा। लेकिन इससे पहले ही अरुणाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

समुद्र का सुराग नहीं मिलने के बाद परिजन अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हुए हैं। परिवार चाहता है कि वह घटनास्थल के करीब पहुंचकर सेना के अधिकारियों से समुद्र की तलाश को लेकर जानकारी ले सकें। वहीं सेना और आईटीबीपी के दल दुर्गम क्षेत्र में लगातार जवानों की तलाश कर रहे हैं।