हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को देर रात एक ट्रक से चंडीगढ़ निर्मित 530 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।
इस शराब का बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपए आंका गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा जो पहले भी शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं और कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आए थे।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि पुलिस दल ने मुखबिर से मिली सूचना पर नहर कॉलोनी के पास एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसमें फोम के गद्दों के नीचे चंडीगढ़ निर्मित रॉयल चैलेंज और ऑल सेशन ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद हुई। इनमें कुल 25 हजार 440 पैक बोतलें थीं। पुलिस ने दलीप उर्फ दीपू और विक्रम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।



