होटल शिखा इन का मालिक कोलकाता में अरेस्ट

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित होटल शिखा इन के मालिक बीरेश्वर मित्रा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इसी होटल में इस सप्ताह की शुरुआत में आग लगने से नौ लोगों की मौत हुई थी।

मित्रा बुधवार तड़के होटल में आग लगने के बाद से फरार था। पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि वह अपनी कार से झारखंड भाग गया था। घर लौटने पर बेहाला में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कोलकाता नगर निगम और अग्निशमन विभाग की एक संयुक्त समिति ने शुक्रवार को न्यू मार्केट इलाके के 11 होटलों में छापेमारी की और उन्हें बंद कर दिया। राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि शनिवार को छह और होटल बंद किए गए।

अग्निशमन विभाग ने पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण कुल 55 होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ऐसे नोटिस पाने वाले होटलों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। कोलकाता पुलिस ने आग की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

इससे पहले ‘शिखा इन’ के लीजधारक अबू जफर नाम के एक व्यक्ति को इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया था। इस बीच, आग के संबंध में शुरुआती फॉरेंसिक रिपोर्ट से पता चला है कि आग तीसरी मंजिल के रिसेप्शन क्षेत्र में लगे वातानुकूलित (एसी) की वायरिंग या पोर्ट से शुरू हुई थी। जिस जगह एसी लगाया गया था, वहां दीवार का एक हिस्सा बाहर की ओर उभर गया था और उसी जगह से आग फैल गई। इसके बाद तेज गर्मी के कारण अन्य बिजली के तार भी टूटने लगे।