अलवर : बांध में नहाने का वीडियो वायरल के बाद प्रधानाचार्य निलंबित

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य का शनिवार को बांध में नहाने का वीडियो वायरल होने के बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 22 अगस्त को विभिन्न सोशल मीडिया चैनल्स और समाचार पत्र ऐप पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें प्रधानाचार्य बांध में आपत्तिजनक स्थिति में नहाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

विभाग ने प्रथम दृष्टया उनके इस कृत्य को नैतिक आचरण और लोकसेवक के लिए निर्धारित आचरण संहिता के विपरीत मानते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय निदेशालय माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।