सवाईमाधोपुर के दूमोदा गांव में वन विभाग के पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद

0

सवाईमाधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य से सटे दूमोदा गांव में तीन वर्षीय बालक की मौत के बाद वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में रविवार सुबह एक और तेंदुआ कैद हो गया।

दूमोदा और कैलाशपुरी गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुए की की गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। इससे पहले वन विभाग फलौदी रेंज में चार तेंदुओं को पकड़कर जंगल में छोड़ा चुका है।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए दूमोदा, कैलाशपुरी और आसपास के इलाकों में 40 से ज्यादा कैमरे और पिंजरे लगाए गए थे। बताया जाता है कि तेंदुए के हमले से पीड़ित परिवार से भी वन विभाग के अधिकारियों ने मुलाकात करके उन्हें सांत्वना देते हुए परिवार को जरूरी सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया है।