प्रकृति की गोद में चिकित्सकों का परिवार मिलन, खेल और प्रश्नोत्तरी में दिखा उत्साह

0

जयपुर। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) जयपुर महानगर के तत्वावधान में रविवार को घाटी वाले हनुमान मंदिर, मुंडोतिया में वन भ्रमण एवं पारिवारिक मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में NMO से जुड़े चिकित्सकों ने परिवार सहित उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रकृति के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य और शारीरिक सक्रियता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां कराई गईं। चिकित्सकों और उनके परिवारजनों ने खेलों में उत्साह से सहभागिता की। इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण में जोश भर दिया। वहीं रामायण और महाभारत पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

NMO जयपुर महानगर की सचिव डॉ. आशा लता ने कहा कि इस तरह के आयोजन चिकित्सकों और उनके परिवारों को प्रकृति के करीब लाने के साथ आपसी संवाद, स्वास्थ्य, संस्कार और पारिवारिक सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यस्त चिकित्सकीय जीवन के बीच ऐसे आयोजन मानसिक प्रसन्नता और पारिवारिक जुड़ाव के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक बाबूलाल ने कहा कि भारतीय जीवन-पद्धति में स्वास्थ्य, संस्कार और धर्म का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि काम, क्रोध, लोभ और मोह जैसे विकारों से स्वयं को दूर रखते हुए संयमित एवं सात्त्विक जीवनशैली अपनाने से अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और संस्कारित बनाने के लिए समाज को निरंतर चिंतन और प्रयास करना चाहिए। धर्म एवं संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए समाज और राष्ट्र के हित में सकारात्मक कार्य करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं उनके परिवारजनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।