भरतपुर में दो दुर्घटनाओं में करौली के दो कांवड़ियों की मौत, 4 घायल

0

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के लखनपुर थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर रविवार और सोमवार को दो अलग घटनाओं में करौली क्षेत्र के दो कांवड़ियों की मौत हो गई जबकि चार कांवड़िये गम्भीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात डेढ़ बजे डेहरा गांव में मोटर साइकिल पर डाक कावड़ लेकर जा रहे तीन कावड़ियों के एक कंटेनर ने पीछे से टक्कर मारी। इससे रूप सिंह सैनी, चेतराम और हंसराज निवासी उड्दैनी, जिला करौली घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीनों को जयपुर भेज दिया गया। जयपुर ले जाते समय हंसराज की हलैना में मौत हो गई। पुलिस ने शव हलैना अस्पताल में रखवा कर परिजनों को घटना की सूचना दी।

दूसरी घटना सोमवार तड़क साढ़े चार बजे लुलहारा और बांसी गांव के बीच हुई जिसमें मोटर साइकिल पर जा रहे तीन कावड़ियों को एक स्लीपर कोच बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे हीरा सिंह, रामवीर, गौरव निवासी तिघरिया जिला करौली गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को आरबीएम अस्तपाल लाया गया जहां रामवीर को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों घायलों का इलाज आरबीएम अस्पताल में जारी है। शव आरबीएम अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।