सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाई माधोपुर में चूहे मारने वाली दवा के संपर्क में आने से गम्भीर रूप से बीमार हुए एक कोबरा सर्प को वन्यजीव अस्पताल पहुंचाए जाने का मामला सामने आया है।
डेकवा गांव से बचाए गए कोबरा का रणथम्भौर बाघ अभयारण्य के अस्पताल में उपचार जारी है। कोबरा की हालत में सुधार होने और खतरे से बाहर होने पर स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
वन विभाग के चिकित्सा सूत्रों ने सोमवार को बताया कि डेकवा गांव में एक किसान के घर जिस जगह सरसों के कट्टे रखे थे वहां घरवालों ने चूहे मारने के लिए जहरीला पाउडर डाल रखा था।
इसी पाउडर के संपर्क में आने के बाद कोबरा की हालत बिगड़ गई और वह बीमार हो गया। किसान ने तड़पते कोबरा को देखने के बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी जिस पर राहत दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और अभयारण्य में पशु चिकित्सालय पहुंचाया।



