जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के रामगंज सब स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार को एक मामले में तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
ब्यूरो सूत्रों के अनुसार एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को परिवादी ने शिकायत की कि उसकी कम्पनी सोलर रिधम एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की ग्राहक के आवासीय विद्युत कनेक्शन पर 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने के लिए विद्युत विभाग से लोड क्षमता बढ़वाने की एवज में मनोज कुमार ने गत 14 अगस्त को पांच हजार रुपए की रिश्वत की मांग की तथा बातचीत के दौरान तीन-चार हजार रुपए में सहमति बनी।
रिश्वत मांग सत्यापन के बाद एसीबी टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही के दौरान मनोज कुमार को परिवादी से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत राशि बरामद की जा चुकी है और प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।



