सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाई माधोपुर में गणेश धाम के पास मंगलवार को मादा भालू के आक्रामक हो जाने से हादसा होते-होते टल गया।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि एक मादा भालू अपने शावक के साथ रणथंभौर की सुरक्षा दीवार पार करके सड़क किनारे आ गई। इस मादा भालू को देखने के लिए मौके पर कई लोग पहुंच गए कई लोग मादा भालू के साथ सेल्फी और रील बनाने के लिए उसके बेहद करीब पहुंच गए, जिससे अपने बच्चे की सुरक्षा के मद्देनजर मादा भालू अचानक आक्रामक हो गई और आक्रामक मुद्रा में खड़ी हो गई।
भालू का रुख देखकर रील बना रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इसी बीच मादा भालू अपने बच्चे को लेकर जंगल की ओर चली गई। वनकर्मियों के अनुसार अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाने वाले लोगों के साथ इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता। गनीमत रही कि इस बीच कोई दुर्घटना नहीं हुई।
मानटाऊन थाना क्षेत्र में दो साइबर ठग अरेस्ट
राजस्थान पुलिस ने सवाई माधोपुर जिले के मानटाऊन थाना क्षेत्र में लोगों को फर्जी संदेश और अन्य तरीकों से साइबर ठगी करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने मंगलवार को बताया कि संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान यूनियन बैंक, सवाई माधोपुर के एक खाते को साइबर पोर्टल 1930 पर जांचा गया।
जांच में इस खाते से पंजाब निवासी हरमनप्रीत कौर और लखनऊ निवासी कीर्ति यादव के साथ हुई साइबर ठगी की दो शिकायतें जुड़ी मिलीं। उन्होंने बताया कि इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खाता धारक शादाब अली (22) और उसके भाई अलमास (21) को गिरफ्तार किया गया। दोनों मध्य प्रदेश में भोपाल के हैं।



