भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को ले जाने का असफल प्रयास करने के तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एमएसजे कालेज के सामने स्थित ऑफ बड़ौदा का एटीएम बूथ सारस पुलिस चौकी पर तैनात सिग्मा जाप्ता कांस्टेबल उदयसिंह की बहादुरी एवं सूझबूझ से लुटने से बच गया। उदयसिंह ने लूट का प्रयास विफल करने के साथ ही दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़वा दिया जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया। थानाधिकारी हरलाल मीना ने बताया कि मौके से फरार बदमाश शैलेन्द्र जाट (21) है, जबकि मौके पर पकड़े गए अजय सिंह जाट (22) और कुलदीप जाट (29) हैं।
मामले को लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा नीमदा गेट प्रबन्धक दीपक चगेठा ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मौके से लुटने से बचे एटीएम बूथ से एटीएम को काटने वाले कटर मशीन, लोहे के संबल, हथोड़ा, कटर, प्लास, पेज का टेप कटर मशीन की तीन एक्स्ट्रा ब्लेड, हेलमेट एवं अन्य बैग के साथ एक बुलट भी जब्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि एमएसजे कॉलेज के सामने स्थित एटीएम में दो बदमाश घुस गए और एटीएम उखाड़ने का प्रयास करने लगे। उसी दौरान पुलिस चौकी पर तैनात उदयसिंह ने उन्हें देख लिया और दबे पांव आकर एटीएम बूथ का शटर बंद कर दिया। फिर पुलिस बल को मौके पर बुला लिया, जिससे दोनों बदमाश मौके पर ही पकड़े गए। उनका तीसरा साथी बाहर वाहन लेकर घूम रहा था जिसमें वे एटीएम को डालकर ले जाने वाले थे।



