मुंबई में इमारत की 10वीं मंजिल से गिरी महिला, पेड़ पर अटकने से बची जान

0

मुंबई। उत्तर-पूर्व मुंबई के भांडुप इलाके में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की 10वीं मंजिल से गिरी महिला नीचे लगे एक पेड़ की टहनियों में जाकर अटक गई, जिससे उसकी जान बच गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सनशाइन एसआरए इमारत में हुई। दसवीं मंजिल से महिला के नीचे गिरने की रिपोर्ट मिलते ही निवासियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इमारत के ठीक नीचे मौजूद एक बड़े पेड़ ने महिला के गिरने के झटके को कम कर दिया, वहीं उसकी घनी शाखाओं ने महिला को सीधे जमीन पर टकराने से रोक लिया।

स्थानीय निवासियों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।दोनों विभागों के कर्मियों ने पेड़ में फंसी महिला को बाहर निकालने के लिए संयुक्त बचाव अभियान चलाया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।