प्रयागराज में 13 वर्षीय किशोर ने किया 9 साल की ममेरी बहन की अस्मत लूटी

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 वर्षीय किशोर पर अपनी ही 9 साल की ममेरी बहन से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। किशोर रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ मामा के घर आया था। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ी तो जानकारी उसके परिवार वालों को हुई।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बाल अपचारी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। कौंधियारा क्षेत्र में रविवार को एक महिला अपने भाई को राखी बांधने मायके आई थी। उसके साथ उसका 13 वर्षीय बेटा भी था। आरोप है कि शाम करीब 4 बजे किशोर ने अपने मामा की 9 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्ची की हालत देखकर मां ने उससे परेशानी का कारण पूछा। इस पर उसने मां को पूरी घटना बताई।

जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए सीएचसी कौंधियारा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे स्वरूपरानी अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां से बच्ची को राजकीय जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया। उसका उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी कौंधियारा अनिल पांडेय ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर बाल अपचारी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पीड़िता और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला दोनों पक्षों के नाबालिग होने से जुड़ा है। पुलिस ने पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की है।