जयपुर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में भाजपा को जनता का अभुतपूर्व समर्थन मिलने और प्रचण्ड जीत का दावा किया है।
राठौड़ ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक एवं जनता के मध्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के द्वारा किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। कांग्रेस सरकार के समय निकायों के चुनाव में जिस तरह तुष्टिकरण करते हुए वार्डों का गठन हुआ और शहरी विकास के कार्यों को ठप कर दिया, उसे जनता भूली नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के निकायों में कट, कमीशन का खेल चलता रहा है, क्योंकि कांग्रेस कट कमीशन में विश्वास रखती है और भाजपा जनता की सेवा के मिशन में विश्वास करती है। भाजपा की भजनलाल सरकार ने प्रदेश में विकास के नये आयाम स्थापित कियें है, जो काम कांग्रेस सरकार ने पांच साल में नहीं किये, उनसे अधिक काम 31 महीने के कार्यकाल में किए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के इस कार्यकाल में 18 हजार 67 किमी सड़के बनी है, वहीं कांग्रेस के पूरे पांच साल में 13 हजार किमी सड़कें बनी थी और इस कालखण्ड में कांग्रेस ने चार हजार 671 किमी सड़कें ही बनाई थीं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भाजपा सरकार ने एक लाख छह हजार आवास स्वीकृत किए, वहीं कांग्रेस शासन के इस कालखण्ड में मात्र चार हजार 760 आवास ही स्वीकृत किए, पूरे पांच साल में वे 77 हजार ही कर पाए।
इसी तरह बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल करते हुए 10 हजार 184 मेगावाट विद्युत उत्पादन क्षमता बढाई, वहीं कांग्रेस अपने पूरे पांच साल में केवल तीन हजार 952 मेगावाट ही विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ा पाई।
उन्होंने कहा कि चाहे पेपर लीक मुक्त परीक्षा हो अथवा युवाओं को समयबद्ध कार्यक्रम जारी कर परीक्षा के अनुकूल अवसर देने हो या महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रयास हो या किसानों को दिन में बिजली देने की बात हो भाजपा ने सदैव समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध प्रयास किये हैं, यही कारण है कि समाज का हर वर्ग भाजपा के साथ है और जिसका परिणाम निकाय चुनाव के परिणामों में भाजपा की प्रचण्ड जीत के रूप में दिखाई देगा।



