नई दिल्ली। दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर चाकू मारकर पर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने मौके से अचेत अवस्था में बरामद कर गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि दोनों की शादी छह महीने पहले ही हुई थी, लेकिन पिछले पांच महीनों से दोनों अलग रह रहे थे। मूल रूप से बिहार की रहने वाली महिला दिल्ली के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, जबकि उसका राजस्थान निवासी पति चाय की दुकान चलाता है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को आरोपी पति दिल्ली आया और दोनों दोपहर के समय लाहौरी गेट स्थित होटल प्रिंस में ठहरे। जांच के दौरान पता चला कि बुधवार रात पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर चाकू से तीन बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद जहरीला पदार्थ खा लिया।
गुरुवार सुबह जब होटल कर्मचारियों ने कमरे में महिला को खून से लथपथ पड़ा देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। लाहौरी गेट पुलिस स्टेशन को सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार दोनों होटल के कमरे में बेहोश पड़े थे। महिला के शरीर पर चाकू के कई घाव थे।
दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अस्पताल में इलाज के बाद आरोपी पति की हालत में सुधार होने पर पुलिस ने उसे पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।



