अजमेर/जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग अजमेर के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण को तीन लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी एसआईडब्ल्यू जयपुर को इस आशय की शिकायत मिली कि परिवादी के संस्थान का अनुबंध पत्र जारी करने एवं बिल पास करने की एवज में तीन लाख रुपए रिश्वत मांगी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस उप अधीक्षक सुरेन्द्र पंचोली के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने सत्यापन के बाद जाल बिछाकर जयप्रकाश चारण को परिवादी से तीन लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।



