बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पत्नी से मारपीट के मामले में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार गुड्डू पंडित के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115, 352 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्षेत्राधिकारी सदर प्रखर पांडे ने बताया कि चार सितंबर को सोशल मीडिया पर पति-पत्नी के बीच मारपीट का एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि वीडियो पीड़िता के घर का है। पीड़िता से बातचीत करने के बाद उसकी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नगर कोतवाली पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अपनी पत्नी अर्चना पंडा के बाल पकड़कर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं, अर्चना पंडा भी कथित तौर पर उन पर झाड़ू चलाती दिखाई दे रही हैं।
गुड्डू पंडित समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बुलंदशहर से दो बार विधायक रह चुके हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अर्चना पंडा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



